#सीतापुर:खैराबाद में प्रशासन की सख्त कार्रवाई: चार करोड़ रुपये की नजूल भूमि कराई गई कब्जामुक्त, चार जर्जर दुकानें ढहाईं.

खैराबाद,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):नगर पालिका परिषद खैराबाद और राजस्व प्रशासन ने मंगलवार को हटौरा क्षेत्र में अवैध कब्जेदारों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। टीम ने बेशकीमती सरकारी नजूल भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को जमींदोज कर करीब 40 हजार वर्गफीट जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित बाजार कीमत लगभग चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही महेन्द्र टोला में सीतापुर-बिसवां मार्ग पर जनसुरक्षा के लिए खतरा बनीं चार जर्जर दुकानों को भी गिरा दिया गया।

दस्तावेज पेश न करने पर चला बुलडोजर-वार्ड संख्या-06 हटौरा स्थित नजूल भूखंड संख्या 1007, 1008, 1009, 1010, 1011 और 1017 सरकारी अभिलेखों में नजूल दर्ज हैं। इस जमीन पर मोहल्ला हटौरा निवासी अहमद हसन द्वारा टिनशेड व अस्थायी बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा किया गया था। प्रशासन ने संबंधित पक्ष को स्वामित्व के वैध दस्तावेज पेश करने का मौका दिया था, लेकिन कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। 15 दिन के नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

सड़क किनारे जर्जर दुकानों पर भी कार्रवाई-अभियान के दौरान सीतापुर-बिसवां मार्ग पर स्थित महेन्द्र टोला में पालिका स्वामित्व की चार बेहद जर्जर दुकानों को भी ढहा दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इन दुकानों की हालत अत्यंत खस्ता थी और इनसे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। जनहित और राहगीरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई की गई।

अतिक्रमण के खिलाफ जारी रहेगी सख्ती-कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सदर बलवंत सिंह, ईओ प्रेम शंकर गुप्ता, राजस्व निरीक्षक अवधेश पांडेय और सफाई निरीक्षक मनोज कुमार राणा सहित पुलिस बल तैनात रहा। ईओ प्रेम शंकर गुप्ता ने बताया कि सरकारी व नजूल भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनसुरक्षा को खतरे में डालने वाले अवैध व जर्जर ढांचों पर आगे भी अभियान जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ